35 दिन बाद घर पहुंचा शवः 27 मार्च को मर्चेंट नेवी कर्मी की हुई थी दुर्घटना में मृत्यु, स्वजनों ने किया अंतिम संस्कार
खुटहन थाना क्षेत्र के तिलवारी गांव में बुधवार की भोर में एक दुखद दृश्य देखने को मिला। मर्चेंट नेवी में तकनीकी सहायक के पद पर कार्यरत शिवेंद्र सिंह का शव 35 दिनों के बाद उनके घर पहुंचा। शव की स्थिति को देखते हुए मात्र दस मिनट का समय अंतिम दर्शन के लिए दिया गया।

जिला प्रशासन से मांगी थी मदद
शिवेंद्र सिंह वर्षों से मालवाहक जहाज पर तकनीकी सहायक के रूप में कार्यरत थे। 27 मार्च को ईरान में हुई एक दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी। परिवार ने शव को घर लाने के लिए शासन और प्रशासन से मदद मांगी।

मंगलवार को शव के आने की उम्मीद थी। इस दौरान गांव के लोग शाम से ही मृतक के घर एकत्र होने लगे। हालांकि, शव बुधवार भोर चार बजे घर पहुंचा। शव को देखते ही माता रेनू सिंह, पिता संदीप सिंह, बड़ी बहन शिवांगी, चचेरी बहन अनन्या, आर्या और चाची कुमकुम सिंह का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर छा गई। शव को पिलकिछा श्मशान घाट ले जाया गया। वहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न की गई।







