दादर पुल पर खाई में पलटी इर्टिगा, बाल-बाल बचे दो लोग
मेदांता अस्पताल के पास हादसा, पार्क की गई कार अचानक लुढ़ककर खाई में गिरी
रिपोर्ट – राजकुमार अश्क शाहगंज जौनपुर
शाहगंज (जौनपुर)। सोमवार को दादर पुल पर उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मेदांता अस्पताल के पास खड़ी एक इर्टिगा कार अचानक लुढ़कते हुए सड़क किनारे गहरी खाई में जा पलटी। हादसे के दौरान कार में मौजूद दो लोग बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुल पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा।

बताया जाता है कि नौहरा क्षेत्र से कुछ लोग एक मरीज को उपचार के लिए मेदांता अस्पताल लेकर आए थे। चालक ने कार को दादर पुल के किनारे खड़ा किया और मरीज को लेकर अस्पताल के अंदर चला गया। इसी दौरान अचानक खड़ी कार अपने आप लुढ़कने लगी। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, कार तेजी से ढलान की ओर बढ़ते हुए सड़क किनारे स्थित गहरी खाई में जा पलटी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय कार में दो लोग सवार थे। कार के खाई में पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों लोगों को कार से बाहर निकालने में मदद की। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेने के साथ ही पुल पर बाधित हुए यातायात को नियंत्रित कराया ।
प्रारंभिक तौर पर कार के हैंडब्रेक फेल होने अथवा ढलान पर उचित तरीके से पार्किंग नहीं किए जाने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में किसी के हताहत न होने से लोगों ने राहत की सांस ली।







