उत्तर प्रदेश महिलाओं के लिए असुरक्षित : भाकपा (माले) लखनऊ Purvanchal 24×7 News

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


यूपी महिलाओं के लिए असुरक्षित : भाकपा (माले)

कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार के दावों की पोल खुली

लखनऊ, 20 मार्च। भाकपा (माले) ने कहा है कि यूपी महिलाओं के लिए असुरक्षित हो गया है। जब प्रदेश की राजधानी में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो अन्य जिलों में क्या होंगी। लखनऊ के आलमबाग बस अड्डे पर आधी रात बाद बस से बनारस से पहुंची महिला के साथ मलिहाबाद में रेप व हत्या की घटना ने कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार के दावों की पोल खोल दी है।

माले की राज्य इकाई ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि योगी सरकार की कानून व्यवस्था की प्रशंसा कर भाजपा के आला नेता कहते नहीं थकते की यूपी में देर रात महिलाएं निडर होकर सड़क पर निकल सकती हैं। लेकिन वास्तव में ऐसा करने पर महिला का क्या हश्र होगा, उक्त घटना गवाह है।

मंगलवार को बनारस में नौकरी के लिए साक्षात्कार देकर अयोध्या की रहने वाली 34 वर्षीय महिला अयोध्या की बस न मिलने पर लखनऊ की बस पकड़ती है और चिनहट स्थित अपने भाई के घर जाने के लिए आधी रात बाद आलमबाग बस स्टेशन उतरती है। चिनहट पहुंचने के लिए टेम्पो पर सवार होती है, मगर उसकी लाश बुधवार तड़के मलिहाबाद के आम के एक बाग में मिलती है। शरीर पर के गहने गायब थे, कपड़े अस्तव्यस्त थे और नोच खसोट के निशान थे। परेशान व शोकाकुल परिजन लूटपाट, रेप व हत्या की रिपोर्ट लिखाते हैं।

पार्टी ने कहा कि घटना में बिना नंबर प्लेट वाले टेम्पो का इस्तेमाल हुआ था। यह पुलिस के अतिरिक्त परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है। अकेली महिला को लेकर रात डेढ़ से ढाई बजे के बीच बिना नम्बर प्लेट का टेम्पो पांच थाना क्षेत्रों से गुजर कर चिनहट के बजाय मलिहाबाद पहुंच गया, मगर पुलिस की पेट्रोलिंग कहीं नहीं थी। क्या राजधानी पुलिस इतनी आश्वस्त है कि देर रात सड़क पर अकेली महिला के साथ कोई घटना नहीं हो सकती! आत्मसंतुष्ट होने के बजाय कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को अपनी गिरेबान में झांकने की जरुरत है।

माले ने कहा कि प्रदेश में न तो महिलाएं सुरक्षित हैं, न ही दलित, गरीब व अल्पसंख्यक। अपराधियों को सत्ता का संरक्षण है। इसीलिए महिलाओं और कमजोर वर्गों पर हमले की घटनाएं उबाल पर हैं। पार्टी ने लखनऊ की उक्त घटना में दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा देने की मांग की।

Purvanchal 24x7
Author: Purvanchal 24x7

Leave a Comment

और पढ़ें