खुले ट्रांसफार्मर से झुलसा बंदर, समाजसेवियों की तत्परता से बची जान – शाहगंज जौनपुर Purvanchal 24×7 News

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खुले ट्रांसफार्मर से झुलसा बंदर, समाजसेवियों की तत्परता से बची जान

रिपोर्ट – राजकुमार अश्क शाहगंज


शाहगंज (जौनपुर)। नगर के सेंट थॉमस स्कूल के समीप सड़क किनारे खुले में रखे ट्रांसफार्मर से झुलसकर एक बंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी ओ.पी. सिंह व प्रशांत कुमार अग्रहरि मौके पर पहुंचे और घायल बंदर को तत्काल डॉक्टर पालीवाल के पेंट्स क्लीनिक पर पहुंचाकर उपचार कराया।


डॉक्टर पालीवाल ने बताया कि समय रहते इलाज मिलने से बंदर की हालत में सुधार है और अब वह खतरे से बाहर है। समाजसेवी ओ.पी. सिंह व प्रशांत कुमार अग्रहरि ने बताया कि उक्त स्थान पर ट्रांसफार्मर खुले में रखा हुआ है।

जिससे पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाएं घट चुकी हैं। उन्होंने इसे अत्यंत खतरनाक बताते हुए संबंधित विभाग से तत्काल ट्रांसफार्मर को वहां से हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थापित करने की मांग की है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर बिल्कुल सड़क के किनारे स्थित है, जहां से प्रतिदिन हजारों की संख्या में बच्चे विद्यालय आने-जाने के लिए गुजरते हैं। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।

नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों व राहगीरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रांसफार्मर को शीघ्र स्थानांतरित किया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Purvanchal 24x7
Author: Purvanchal 24x7

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें