जौनपुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 17 आरोपी गिरफ्तार – जौनपुर Purvanchal 24×7 News

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जौनपुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 17 आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर। जिले में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयाँ की हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई इस कार्रवाई में पतंग उड़ाने और चाइनीज मांझा बेचने वाले कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पहली कार्रवाई थाना लाइन बाजार पुलिस द्वारा की गई। प्रभारी निरीक्षक लाइन बाजार के नेतृत्व में 15 जनवरी 2026 को अभियान चलाकर चाइनीज मांझे का प्रयोग कर पतंग उड़ाने वाले 16 व्यक्तियों को पकड़ा गया। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत चालान कर अग्रेतर विधिक कार्यवाही की गई। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई, क्योंकि चाइनीज मांझा जानलेवा साबित हो रहा है।

दूसरी बड़ी कार्रवाई थाना तेजीबाजार क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कलिंजरा बाजार में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोनू गौतम नामक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अवैध सिंथेटिक नायलॉन धागा कुल वजन करीब 2.5 किलोग्राम बरामद किया गया, जिसमें 18 बड़ी और 50 छोटी अंटियाँ शामिल हैं। इस मामले में अभियुक्त के खिलाफ धारा 223बी, 293, 125 बीएनएस तथा 5/15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चाइनीज मांझा न केवल पर्यावरण के लिए खतरनाक है बल्कि आम नागरिकों, राहगीरों और पक्षियों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है। इसी को देखते हुए जिलेभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।

जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का उपयोग न करें और इसकी बिक्री या उपयोग की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना को रोका जा सके।

Purvanchal 24x7
Author: Purvanchal 24x7

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें