घर में फांसी पर झूलता मिला अधेड़ का शव, गांव में सनसनी
शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के छताईकला गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक अधेड़ का शव घर के कमरे में फांसी पर लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

छताईकला गांव निवासी 48 वर्षीय संजीव सिंह उर्फ डब्बू, पुत्र स्व. विजय प्रताप सिंह, सोमवार देर रात घर में अकेले थे। उनकी पत्नी और दो बच्चे आज़मगढ़ जनपद के माहूल क्षेत्र के फरीदपुर गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में गए हुए थे। सुबह जब ग्रामीणों ने कमरे का दरवाज़ा खुला देखा तो अंदर संजीव सिंह को फंदे से झूलता पाया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके का मुआयना कर परिजनों को खबर दी, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। मृतक का एक बेटा तरुण सिंह और एक बेटी है।

फांसी लगाने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले तथ्यों को खंगाल रही है।











