Jaunpur News::बाबा साहेब ने समाज के अंतिम व्यक्ति की लड़ाई लड़ीः गिरीश यादव Purvanchal 24×7 News

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बाबा साहेब ने समाज के अंतिम व्यक्ति की लड़ाई लड़ीः गिरीश यादव

जौनपुर। संविधान दिवस के अवसर पर धर्मापुर ब्लॉक की ग्रामसभा उटरगावा (सरैया) स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खेल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव रहे, जिन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रतिमा का विधिवत अनावरण और पार्क का उद्घाटन किया।राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि बाबा साहेब के सपनों का भारत बनाने का संकल्प दोहराने का दिवस है।

उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने वंचितों, शोषितों और समाज के अंतिम व्यक्ति को न्याय, समानता और सम्मान दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया, और आज का दिन उनके उस संघर्ष को नमन करने का दिन है।कार्यक्रम में विशिष्ट तिथि के रूप में विधायक जगदीश नारायण राय ने संविधान की ताकत पर विस्तार से प्रकाश डाला। विधायक जगदीश नारायण राय ने कहा कि संविधान ने सभी नागरिकों को समान अवसर दिए हैं और इसे सशक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव विवेक रंजन ने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार ही नहीं, कर्तव्य भी देता है।

युवा पीढ़ी का दायित्व है कि वह संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को अपने जीवन में उतारे।” श्री यादव ने स्थानीय स्तर पर अंबेडकर पार्क और प्रतिमा की स्थापना को सामाजिक समरसता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।ग्राम प्रधान कमला यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संविधान निर्माण में डॉ. अंबेडकर के योगदान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में जनता की भूमिका पर प्रकाश डाला।



कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुई। ग्राम प्रधान कमला यादव के नेतृत्व में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, महिलाओं और युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए और संविधान की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम में अजय कुमार,जितेंद्र,अखिलेश, धर्मेंद्र, सुरेश हिमांशु रंजन यादव सुनील यादव आदि गांव के आदि लोग उपस्थित रहे।

Purvanchal 24x7
Author: Purvanchal 24x7

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें