सम्पूर्ण समाधान दिवस: 203 शिकायतों में 18 का हुआ मौके पर निस्तारण, डीएम ने कार्यवाही के निर्देश – शाहगंज जौनपुर Purvanchal 24×7 News

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सम्पूर्ण समाधान दिवस: 203 शिकायतों में 18 का हुआ मौके पर निस्तारण, डीएम ने दिए त्वरित कार्यवाही के निर्देश

जौनपुर। तहसील शाहगंज के सभागार में सोमवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ की उपस्थिति में किया गया। इस मौके पर नागरिकों द्वारा कुल 203 शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 18 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।


जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। भूमि अधिग्रहण से जुड़े एक मामले में, जहां मड़वा मोहिउद्दीनपुर की महिलाओं—चन्द्रावती देवी, इन्द्रावती व द्रौपदी—ने एक वर्ष से मुआवजा न मिलने की शिकायत की, डीएम ने उप जिलाधिकारी को 15 जून तक निस्तारण का आदेश दिया।

डीह अशरफाबाद निवासी उर्मिला के मकान निर्माण विवाद पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार और थाना प्रभारी को संयुक्त राजस्व व पुलिस टीम भेजकर तत्काल समाधान के निर्देश दिए। भूमि विवाद, पथरगड्डी, पेंशन व अन्य मामलों पर भी त्वरित कार्यवाही हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस के दौरान डीएम ने पर्यावरण संरक्षण पर भी बल देते हुए कहा कि सभी विभाग मिलकर लक्ष्य के अनुसार वृक्षारोपण करें और प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पौधा जरूर लगाए। थानों में भी वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया ताकि फरियादियों को गर्मी में राहत मिल सके।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह, उप जिलाधिकारी राजेश कुमार, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, तहसीलदार आशीष कुमार सिंह,नायब तहसीलदार पीयूष सिंह, राजस्व निरीक्षक संजय सिंह, कस्बा लेखपाल रितुराज चौधरी, सौरभ राज सेठ, विवेक सिंह, संजय कुमार लेखपाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Purvanchal 24x7
Author: Purvanchal 24x7

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें