बदलापुर में सरिया मिस्त्री का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका – बदलापुर जौनपुर Purvanchal 24×7 News

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सरिया मिस्त्री का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

बदलापुर स्थानीय थाना क्षेत्र के बरौली वार्ड में मंगलवार सुबह एक सरिया मिस्त्री का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक का शव कोटेदार के घर के पास संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला, जिसके बाद परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। मिली जानकारी के अनुसार बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी राजाराम उर्फ गुड्डू गौतम (40वर्ष) पुत्र मटरु गौतम सोमवार की शाम बरौली कस्बे में एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे।

मृतक राजाराम उर्फ गुड्डू गौतम (40वर्ष) पुत्र मटरु गौतम

देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों ने कोटेदार राजेश तिवारी के आवास के पास उनका शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा, तो सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि गुड्डू की हत्या कर शव यहां फेंका गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण)डॉ.शैलेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि वारदात से जुड़े सुराग मिल सकें। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने थाने पर पहुंचकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Purvanchal 24x7
Author: Purvanchal 24x7

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें