अवैध प्लॉटिंग के लिए तोड़ी गई सीसी सड़क,लाखों की लागत से बनी सड़क की दुर्दशा
जौनपुर जिले के शाहगंज सोंधी क्षेत्र के अखनसराय से सबरहद तक पंचम राज्य वित्त आयोग के तहत बनी सीसी सड़क भू-माफियाओं की करतूत की भेंट चढ़ गई। अवैध प्लॉटिंग के चक्कर में सड़क को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों का आना-जाना पूरी तरह बाधित हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, यह सड़क सबरहद, उजरौटी, मियांपुर बकुची, नेवादा, जमदानीपुर, कैथौली, बरईपुर और अखनसराय समेत दर्जनों गांवों को जोड़ती है। सड़क कट जाने से स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी हो रही है, कई बार वे समय पर स्कूल तक नहीं पहुंच पाते।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भू-माफिया सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाकर खुलेआम अवैध प्लॉटिंग कर रहे हैं और अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सड़क दुरुस्त नहीं की गई, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।













