SIR ड्यूटी से गायब मिले शिक्षक, बीएसए ने 24 घंटे में मांगा जवाब
जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार मुंगरा बादशाहपुर क्षेत्र के कई विद्यालयों में नियुक्त बीएलओ (BLO) अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। यह खुलासा 21 नवंबर 2025 को तहसीलदार/जिला निर्वाचन अधिकारी की टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में हुआ।

तहसीलदार द्वारा भेजी गई आख्या में बताया गया कि मतदान केंद्र संख्या 370 और 371 पर तैनात शिक्षक रामनारायण सिंह (प्रधानाध्यापक, प्रा. विद्यालय करुई) तथा अजीत कुमार सिंह (सहायक अध्यापक, प्रा. विद्यालय चिरैयामऊ) बीएलओ ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। निरीक्षण टीम जब सुबह 11:00 बजे विद्यालय पहुँची, उस दौरान इन दोनों की उपस्थिति नहीं मिली।
इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोनों शिक्षकों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। आदेश में यह भी उल्लेख है कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण होता है और इसकी अवहेलना को गंभीर लापरवाही माना जाएगा।

कब-कब और कहा निरिक्षण किया गया
बीएसए ने सभी का एक दिन का वेतन रोक दिया। सहायक अध्यापक लोकेश कुमार वर्मा व दिनेश कुमार देर उपस्थित हुए। इन शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब कर लिया। कम्पोजिट विद्यालय नारायणपुर का बीएसए ने सुबह 9 बजे निरीक्षण किया। सहायक अध्यापिका अर्चना पांडेय बाल्यकाल देखभाल अवकाश व सुनील कुमार सहायक अध्यापक आकस्मिक अवकाश पर पाए गए। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार का निर्देश दिया। बीएसए ने सुबह 10 बजे कम्पोजिट विद्यालय हरद्वारी का निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक अध्यापक विनोद कुमार यादव, प्रवीण पांडेय अनुपस्थित मिले।

शिक्षकों के बीच समन्वय नहीं होने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक सहित विद्यालय में कार्यरन्सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों का वेतन व मानदेय अगले आदेश तक बीएसए ने रोक दिया। सनातन धर्म पूर्व माध्यमिक विद्यालय भिदुना में बीएसए ने सुबह 11:30 बजे निरीक्षण किया। यहां मध्याह्न भोजन पंजिका अद्यतन नहीं मिली। बीएसए ने प्रधानाध्यापक का अगले आदेश तक वेतन रोक दिया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय भाटाडीह में बीएसए ने 12:30 निरीक्षण किया। इस दौरान परिचारक आर्यन राय 11 सितंबर से अनुपस्थित मिले। इस पर बीएसए ने उनका वेतन रोक दिया। बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय भाटाडीह का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने भोजन की गुणवत्ता में सुधार करने का निर्देश दिया। प्राथमिक विद्यालय जमुहर में बीएसए ने दोपहर 1:10 बजे निरीक्षण किया। यहां उन्होंने व्यवस्था में सुधार करने का निर्देश दिया।

बीएसए कार्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों—जिला निर्वाचन अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं लेखा अनुभाग—को आदेश की प्रति भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन कार्य में शिथिलता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर विभागीय कार्रवाई तय है।











