जौनपुर में तिरंगे की शान,बारिश भी नहीं रोक पाई देशभक्ति का जोश, – जौनपुर Purvanchal 24×7

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जौनपुर में तिरंगे की शान, बारिश भी नहीं रोक पाई देशभक्ति का जोश

जौनपुर। शासन के निर्देश पर चल रहे “हर घर तिरंगा” अभियान ने आज जनपद को देशभक्ति के अद्भुत रंग में रंग दिया। रिमझिम बारिश के बीच जब तिरंगा हाथों में थामे स्कूली छात्र-छात्राएं, अधिकारी, पुलिस जवान और नागरिक क़दम से क़दम मिलाकर निकले, तो पूरा नगर भारत माता की जय और इंकलाब ज़िंदाबाद के नारों से गूंज उठा।

जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार वर्मा, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के नेतृत्व में पुलिस लाइन से ऐतिहासिक एवं भव्य तिरंगा रैली का शुभारंभ हुआ। रैली लाइन बाजार, गांधी तिराहा, अंबेडकर तिराहा, कलेक्ट्रेट, जोगियापुर, सद्भावना पुल से होते हुए शाही किले पर राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुई।

मार्ग में गांधी तिराहे पर महात्मा गांधी, अंबेडकर तिराहे पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, कलेक्ट्रेट परिसर में क्रांति स्तंभ, सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा और शहीद स्तंभ पर माल्यार्पण कर वीरों को नमन किया गया। रैली में शामिल एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड और विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं, जो स्वतंत्रता संग्राम और भारत की एकता का संदेश दे रही थीं। बारिश की बूंदें भी बच्चों के उत्साह को कम न कर सकीं।


जिलाधिकारी ने कहा कि “शिराज-ए-हिंद के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और प्यारे बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि आंधी हो या तूफान, हम करेंगे वीरों का सम्मान। आज की रैली हमारे अदम्य साहस और अटूट एकता का प्रतीक है।”

इस अवसर पर पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, जिलाध्यक्ष भाजपा पुष्पराज सिंह सहित जनपद के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। महिलाओं, किसानों, शिक्षकों और आमजन ने भारी संख्या में भाग लेकर यह संदेश दिया कि भारत का तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों दिलों की धड़कन है।

Purvanchal 24x7
Author: Purvanchal 24x7

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें