रामनवमी पर शाहगंज नगर में निकली भव्य शोभायात्रा, भक्ति में डूबा रहा शाहगंज – शाहगंज जौनपुर
शाहगंज, जौनपुर। रामनवमी के पावन अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पूरा शहर श्रद्धा और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। भगवान श्रीराम के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा और हर ओर उत्साह का माहौल देखने को मिला।

शोभायात्रा की शुरुआत घासमंडी चौक से हुई, जहां से सुसज्जित राम रथ नगर भ्रमण के लिए रवाना हुआ। यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई योगीनाथ तिराहा पहुंची, जहां विधिवत आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस दौरान नगर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की गई थी। प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।

शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं समाजसेवियों द्वारा पुष्प वर्षा कर राम भक्तों का स्वागत किया गया। साथ ही भक्तों के लिए जलपान की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। योगीनाथ तिराहा पर नाथ बजाज के मालिक हिमांशु यादव की ओर से श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था सराहनीय रही।

इस अवसर पर श्रीश मोदनवाल, भुनेश्वर मोदनवाल, हिमांशु यादव,अक्षत अग्रहरी, रणवीर साहू रिंकू, कृष्ण कान्त सोनी, अश्वनी अग्रहरी,प्रज्ञेश मोदनवाल, अमित शर्मा,वाशु अग्रहरी, स्नेह साहू, आदि कार्यकर्तागण व नगर के गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु राम रथ के साथ चलते हुए भक्ति में लीन दिखाई दिए। पूरे आयोजन ने नगर में धार्मिक एकता और उत्साह का अद्भुत संदेश दिया।










