कांस्टेबल की हत्या और महिला सब इंस्पेक्टर पर हमले के आरोपी को गोली लगने के बाद हुआ गिरफ्तार – चंदवक जौनपुर Purvanchal 24×7 News

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कांस्टेबल की हत्या और महिला सब इंस्पेक्टर पर हमले के आरोपी को गोली लगने के बाद हुआ गिरफ्तार


जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र में कांस्टेबल की दर्दनाक हत्या और जलालपुर के चंवरी बाजार में महिला सब इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों की हत्या के प्रयास में शामिल एक कुख्यात आरोपी को बक्शा थाना पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ में गोली मारकर दबोच लिया।


सीओ सदर परमानन्द कुशवाहा ने जानकारी दी कि बक्शा और तेजीबाजार थानों की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध चुरावनपुर की ओर जाने वाले हैं। रात करीब 1:20 बजे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दी। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक तेजी से आते दिखे। पुलिस को देखकर वे भागने लगे, लेकिन बाइक फिसल गई और वे खेत की मेड़ की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग करने लगे।


जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश ने अपना नाम राजू यादव पुत्र नन्हेलाल यादव, निवासी मथुरापुर कोठवां थाना जलालपुर बताया। फरार बदमाश का नाम काजू यादव बताया गया है, जो वाराणसी जनपद के चोलापुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है।


राजू यादव के पास से एक तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस, और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घायल आरोपी को उपचार हेतु सीएचसी नौपेडवा ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल आरोपी का इलाज पुलिस निगरानी में चल रहा है।

Purvanchal 24x7
Author: Purvanchal 24x7

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें