साढ़े चार घंटे के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमी ने टावर पर चढ़कर भरी मांग, नीचे उतरी युवती
शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी थी नेहा गौतम,प्रेमी के सिंदूर डालते ही बजने लगीं तालियां

जौनपुर बरसठी,थाना क्षेत्र के बारीगांव में रविवार को सुबह 6 बजे उस समय हड़कम्प मच गया जब प्रेमी से शादी करने की जिद में मोबाइल टावर पर युवती चढ़ गयी।
टॉवर पर चढ़ी युवती को करीब साढ़े चार घंटे के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद नीचे उतारा जा सका। प्रेमी द्वारा टावर पर ही उसकी मांग में सिंदूर डालने के बाद युवती नीचे उतरने को तैयार हुई। इस दौरान मौके पर तमाशबीनों की भारी भीड़ जुटी रही।
जानकारी के अनुसार, नेहा गौतम अपने प्रेमी अभिजीत गौतम दोनो निवासी कसेरवा बसेरवा गांव के निवासी है।दोनो का प्रेम प्रसंग चल रहा था, जब लड़की शादी करने के लिए लड़के से कहा तो वह मुकर गया।

इसके बाद वह शादी करने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वह खुद 112 नम्बर पुलिस को फोन कर टॉवर पर चढ़ने की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और युवती को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। युवती की मांग थी कि उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया जाए और वह उसी के हाथों शादी करेगी।
पुलिस प्रेमी को खोजकर मौके पर ले आई। इसके बाद प्रेमी ने भी युवती को मनाने का प्रयास किया और टावर पर कुछ ऊंचाई तक चढ़ा, लेकिन ऊंचाई देखकर घबराने लगा।

हालांकि, करीब साढ़े चार घंटे तक चले मान-मनौव्वल के बाद प्रेमी दोबारा टावर पर थोड़ा ऊपर चढ़ा और युवती कुछ नीचे आयी उसके बाद प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर डाल दिया। इसके बाद युवती नीचे उतर आई।
युवती के नीचे उतरते ही मौके पर मौजूद भीड़ तालियां बजाने लगी। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई। बताया जाता है कि युवती महुआरी जरौटा गांव स्थित अपने ननिहाल में रहती थी। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।







