दो युवाओं ने रक्तदान कर बचाई मरीज की जान, पेश की इंसानियत की मिसाल – शाहगंज जौनपुर Purvanchal24x7 News

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दो युवाओं ने रक्तदान कर बचाई मरीज की जान, पेश की इंसानियत की मिसाल
अल-फलाह फाउंडेशन और मानव सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रयास से जरूरतमंद मरीज को मिला रक्त


शाहगंज, जौनपुर। जरूरतमंद मरीज की जान बचाने के लिए शाहगंज और बड़ागांव के दो युवाओं ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। अप्लास्टिक एनीमिया जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक मरीज को तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। इसकी जानकारी मिलने पर अल-फलाह फाउंडेशन और मानव सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट भारत के पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं से संपर्क किया। इसके बाद दो युवाओं ने आगे आकर रक्तदान किया।


बड़ागांव निवासी मोहम्मद अकीब खान, जो पेशे से कार चालक हैं, ने मरीज की मदद के लिए रक्तदान किया। बताया गया कि इस वर्ष वह चौथी बार रक्तदान कर चुके हैं। वहीं, शाहगंज निवासी मोहम्मद शाकिब मंसूरी ने पहली बार रक्तदान किया। वह विदेश जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन मरीज को रक्त की जरूरत की जानकारी मिलते ही अनीता ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदान किया।


डॉ. तय्यब खान के नेतृत्व में दोनों युवाओं ने रक्तदान की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान अल-फलाह फाउंडेशन के अध्यक्ष शेख इस्माइल और मानव सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष हुसैन हैदर खान अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। दोनों संस्थाओं के पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं का आभार जताते हुए उनके प्रयास की सराहना की।


अल-फलाह फाउंडेशन के संस्थापक जाकिर हुसैन के नेतृत्व में संस्था जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है। संस्था की ओर से अब तक एक हजार यूनिट से अधिक रक्त उपलब्ध कराने का दावा किया गया है। वहीं, मानव सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए सक्रिय है।
दोनों युवाओं के इस प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है। उनका रक्तदान यह संदेश देता है कि जरूरत के समय किसी अनजान की मदद करके भी अनमोल जिंदगी बचाई जा सकती है।

Purvanchal 24x7
Author: Purvanchal 24x7

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें