झुका बिजली का खंभा दे रहा बड़े हादसे को न्योता – शाहगंज जौनपुर Purvanchal 24×7 News

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झुका बिजली का खंभा दे रहा बड़े हादसे को न्योता


सीएचसी के सामने मंडरा रहा खतरा, स्थानीय लोगों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग

रिपोर्ट – राजकुमार अश्क


शाहगंज, जौनपुर। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सामने स्थित एक बिजली का खंभा इन दिनों बड़े हादसे की आशंका को जन्म दे रहा है। काफी हद तक झुक चुके इस खंभे पर कई बिजली के तारों का भार है, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है। चिंताजनक बात यह है कि ठीक बगल में दूसरा बिजली का खंभा मौजूद होने के बावजूद अब तक तारों को उस पर स्थानांतरित नहीं किया गया है।


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने होने के कारण इस मार्ग पर दिनभर मरीजों, तीमारदारों, एंबुलेंस तथा आम नागरिकों की आवाजाही बनी रहती है। आसपास मेडिकल स्टोर और अन्य दुकानें होने से यहां हमेशा भीड़भाड़ का माहौल रहता है। ऐसे में झुका हुआ खंभा और उस पर लटकते तार राहगीरों, मरीजों व दुकानदारों के लिए खतरे की घंटी बने हुए हैं।


स्थानीय लोगों के अनुसार, खंभा काफी समय से झुका हुआ है, लेकिन हाल के दिनों में इसकी स्थिति और अधिक खराब हो गई है। हल्की बारिश या तेज हवा चलने पर इसके गिरने की आशंका बनी रहती है। यदि खंभा गिरता है तो बिजली के तार टूटकर करंट फैलने से जनहानि हो सकती है। साथ ही यातायात बाधित होने और आसपास की दुकानों को नुकसान पहुंचने की संभावना भी जताई जा रही है।


प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि खंभे के पास से प्रतिदिन मरीजों की एंबुलेंस गुजरती हैं। ऐसे में किसी भी क्षण यह लापरवाही भारी पड़ सकती है। लोगों ने सवाल उठाया कि पास में दूसरा खंभा लगे होने के बावजूद उस पर तार स्थानांतरित क्यों नहीं किए गए, जबकि इससे समस्या का समाधान आसानी से हो सकता है।


स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने विद्युत विभाग से तत्काल संज्ञान लेकर झुके हुए खंभे को सीधा कराने अथवा तारों को दूसरे खंभे पर शिफ्ट कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी बड़ी दुर्घटना की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देते हैं। फिलहाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने झुका यह खंभा हर आने-जाने वाले व्यक्ति के लिए चिंता और खतरे का सबब बना हुआ है।

Purvanchal 24x7
Author: Purvanchal 24x7

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें