पत्रकारों का सम्मान समारोह : समाज का आईना हैं निष्पक्ष कलमकार – डॉ. तारिक शेख
जौनपुर पत्रकार संघ के नवनिर्वाचित तहसील अध्यक्ष एखलाख खान का हुआ सम्मान
शाहगंज (जौनपुर)।
नगर के मिल्लत नगर स्थित सीटी नर्सिंग होम में रविवार को एस.वी.एम. वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट के बैनर तले पत्रकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जौनपुर पत्रकार संघ के नवनिर्वाचित तहसील अध्यक्ष एखलाख खान को अंगवस्त्रम व माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. तारिक शेख (मैनेजिंग डायरेक्टर, सीटी नर्सिंग होम) ने कहा कि “पत्रकार समाज का आईना हैं, जो निष्पक्षता, निडरता और जनहित के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जिसकी सशक्त भूमिका से ही समाज में पारदर्शिता और जनजागरूकता बनी रहती है।”

उन्होंने श्री एखलाख खान की सक्रिय एवं निष्पक्ष पत्रकारिता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. तारिक शेख, गुलाम साबिर, डॉ. खुर्शीद आलम, अजीम खान, इकरार खान, फहद खान सहित कई गणमान्य लोगों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर श्री खान का गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर नगर के पत्रकारों, समाजसेवियों, चिकित्सकों एवं बुद्धिजीवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह के समापन पर अतिथियों ने निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सच्चाई और जनहित की आवाज को निरंतर बुलंद करने का संकल्प लिया।











